फरीदाबाद। एसजीएम नगर थाना क्षेत्र में डंपर की टक्कर से साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान कपड़ा कॉलोनी निवासी प्रवीन कुमार वर्मा के रूप में हुई है। पीड़ित के पिता रामबदन वर्मा की शिकायत पर 25 मई को थाना एसजीएम नगर में प्राथमिकी दर्ज की गई। रामबदन वर्मा ने शिकायत में बताया कि 21 मई की सुबह करीब 8:15 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद बेटा साइकिल से घर लौट रहा था। इस दौरान सेक्टर-21 की तरफ से तेज गति और लापरवाही से आ रहे डंपर ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रवीन सड़क किनारे गिर गया। आरोप है कि डंपर चालक ने ब्रेक लगाते समय वाहन का पिछला पहिया युवक के कुल्हों पर चढ़ा दिया। घायल युवक को पहले बीके अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर दिल्ली रेफर कर दिया गया। वहां उसका उपचार चल रहा है। संवाद