गुरुग्राम। नशा किसी भी समाज की सबसे बड़ी बुराई है, यह युवाओं का भविष्य और परिवारों की खुशियां छीन लेता है। हमें मिलकर यह संकल्प लेना होगा कि हम जिले को नशे के जाल से पूरी तरह मुक्त करेंगे। यह बात एडीसी वत्सल वशिष्ठ ने नशामुक्त भारत अभियान की तैयारियों को लेकर लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। एडीसी ने बताया कि 13 अगस्त को नशामुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ के अवसर पर जिले के स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध सामूहिक प्रतिज्ञा का मेगा आयोजन किया जाएगा। यह अभियान केवल एक दिन नहीं, बल्कि पूरे अगस्त तक जिले में चलाया जाएगा। बैठक में सीटीएम सपना यादव, एसीपी सुशीला, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव विकास, स्वास्थ्य विभाग से अजय, शिक्षा विभाग से सुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ब्यूरो