एक दिन के लिए काम पर रखा, गाड़ी लेकर फरार
गुरुग्राम। ऑनलाइन सर्विस प्रदाता वेबसाइट क्विकर के माध्यम से चालक रखना निजी कंपनी के निदेशक को महंगा पड़ गया। चालक ने कंपनी निदेशक को झांसा देकर कार लेकर फरार हो गया। निदेशक की शिकायत पर सेक्टर-56 थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप डांगी के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है। दिल्ली द्वारका सेक्टर-7 निवासी निलंजन सरकार इस्टोटेक इंजीनियरिंग कंसलटेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक है। कंपनी निदेशक ने पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक दो सितंबर को उन्होंने क्विकर के माध्यम से एक दिन के लिए चालक किराये पर लिया था। चालक ने अपना परिचय इंद्रलोक निवासी जावेद अख्तर के रूप में दिया। चालक ने कंपनी निदेशक को अपने ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड की फोटो कॉपी दे दी। कंपनी निदेशक ने अपनी टाटा नैक्सोन गाड़ी देकर झज्जर गए और कंपनी का काम खत्म कर सेक्टर-55 स्थित एचएसवीपी मार्केट में उतर गए। थोड़ी देर बाद जब कंपनी निदेशक ने देखा तो चालक गाड़ी लेकर निकल गया, उसे कॉल कर पूछा तो चालक ने बताया कि उसकी मम्मी की तबीयत खराब हो गई है। वह 10 मिनट में फोर्टिस अस्पताल से दवाई लेकर आ रहा है। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब चालक गाड़ी लेकर नहीं आया तो उसने कंपनी निदेशक ने उसे कॉल किया तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया। कंपनी निदेशक का आरोप है कि मंगलवार शाम तक गाड़ी लेकर नहीं आया। पुलिस ने कंपनी निदेशक की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।