गुरुग्राम। सेक्टर-56 थाने की पुलिस ने मार्च माह में गोल्फ कोर्स रोड के सर्विस रोड पर कार की टक्कर से युवक की मौत होने के मामले में रविवार को चालक को काबू किया है। आरोपी कार चालक से वारदात में प्रयोग कार भी बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान फरीदाबाद निवासी गौरव चौहान (39) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह 22 मार्च काे उसके दोस्त की कार लेकर सेक्टर-56 जा रहा था। कार तेज गति में होने के कारण गोल्फ कोर्स रोड के सर्विस रोड पर पैदल चल रहे युवक को टक्कर लग गई जिससे युवक की मौत हो गई थी। युवक की पहचान कासगंज, यूपी के बीनपुर कलां गांव निवासी विक्रम (38) के रूप में हुई। वह गुरुग्राम में ऑटो चलाता था। मृतक के भाई की शिकायत पर 22 मार्च को सेक्टर-56 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। ब्यूरो