दिव्या पाहुजा की हत्या का मामला उलझता जा रहा है। हत्या के आठ दिन बाद भी पुलिस न तो उसका शव बरामद नहीं कर सकी है और न ही उसके शव को ठिकाने लगाने वालों को गिरफ्तार कर सकी है। मामले की जांच के लिए एसआईटी की ओर से अलग-अलग छह टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों द्वारा दिल्ली-एनसीआर के अलावा साथ ही पटियाला समेत कई स्थानों पर छापामारी चल रही है। पांच दिन की रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के बाद एसआईटी ने उसकी गर्ल फ्रेंड मेघा को गिरफ्तार किया है। मेघा को भी पुलिस ने दो दिन की रिमांड पर ले रखा है।
मेघा और अभिजीत की आमने सामने बैठा कर हुई पूछताछ
मामले की जांच कर रही एसआईटी ने दिव्या पाहुजा हत्या के आरोपी अभिजीत सिंह और उसकी गर्ल फ्रेंड मेघा से पहले अलग-अलग बात की। बाद में दोनों को आमने-सामने बैठा कर पूछताछ हुई है। दोनों से साथ हुई पूछताछ के बाद ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। अब दोनों को लेकर छापामारी कर रही है।
दिव्या के परिजनों ने की सीबीआई जांच की मांग
दिव्या पाहुजा की हत्या के मामले की जांच को लेकर पुलिस कोई कोताही नहीं बरत रही है। मिस्ट्री बनते जा रहे इस हत्याकांड से दिव्या के परिजन परेशान हैं। उसकी छोटी बहन नैना ने आरोप लगाया है कि कमिश्नरेट की पुलिस की ओर से जांच में लापरवाही हुई है। उसे शुरू से ही इस बात का डर था कि उसकी बहन की हत्या कर दी जाएगी। नैना ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
ताईक्वाडों की खिलाड़ी थी दिव्या
साधारण परिवार की रहने वाली दिव्या फर्राटेदार अंग्रेजी बोलती थी। परिजनों के अनुसार वह ताइक्वांडो खिलाड़ी भी थी। उसके पिता 40 गज के मकान में रहते हैं। सब्जी की दुकान चला कर उन्होंने अपने बच्चों को पढ़ाया था। पुलिस की छानबीन में यह बात सामने आई है कि घर पर लोन भी है। उसकी बहन का कहना है कि वह किसी को कभी भी ब्लैक मेल नहीं कर सकती है।
सपने जो न हो सके पूरे
दिव्या को करीब से जानने वाले बताते हैं कि वो स्कूल के दिनों में न्यूज एंकर बनना चाहती थी। बकायदा वह घर में शीशे के सामने कंघी लेकर एंकरिंग किया करती थी। स्कूल में होने वाले कार्यक्रमों में भी अध्यापक उससे होस्टिंग करवाते थे। लेकिन वो उसका ये सपना पूरा न हो सका। इसके बाद दिव्या मॉडलिंग की दुनिया में चली गई और फिर वहां से वह बॉलीवुड तक का सफर तय करना चाहती थी, पर यहां भी उसकी किस्मत ने साथ न दिया।
अभिजीत के संपर्क में रहने वालों पर है पुलिस की नजर
दिव्या पाहुजा हत्या कांड की जांच कर रही एसआईटी की ओर से अभिजीत के संपर्क में रहने वालों की कुंडली खंगाली जा रही है। उससे छह माह से संपर्क में रहने वालों पर नजर है। इसके साथ ही उसके साउथ एक्स के मकान में आने-जाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।