पटौदी। वेस्ट एकेडमी स्कूल में ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक बैठक आयोजित की गई। इसमें 40 निजी विद्यालयों के संचालकों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर बैठक की अध्यक्षता डॉ. विजय चौहान ने की। बैठक में विशेष रूप से डीजल एवं सीएनजी के लगातार बढ़ते दामों के कारण स्कूल परिवहन पर बढ़ रहे खर्च, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन, बिजली बिल, भवन रखरखाव तथा अन्य दैनिक खर्चों के कारण विद्यालयों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में इस बात पर भी गंभीरता से चर्चा हुई कि अनेक अभिभावकों द्वारा समय पर फीस जमा नहीं कराई जाती, जिसके कारण छोटे एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी विद्यालयों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है। बैठक में पहुंचे विभिन्न स्कूलों के संचालकों ने एक स्वर में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित अधिकांश निजी विद्यालय स्थानीय लोगों एवं क्षेत्रीय विद्यालय संचालकों द्वारा स्थापित और संचालित किए जा रहे हैं। संवाद