6 महीने से लोग परेशान, बोतलबंद पेयजल खरीदने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। न्यू कॉलोनी के एक हिस्से में लोगों के घरों में मटमैला और बदबूदार पानी आ रहा है। इसकी वजह से लोग काफी परेशान है। उनमें बीमारियां फैलने की आशंका है। इलाके के लोगों ने बताया कि यह सिलसिला पिछले 6 महीने से चल रहा है। नगर निगम के स्थानीय जेई से लेकर निगमायुक्त तक को पानी की तस्वीर और शिकायत भेज रहे हैं। यहां के लोग बोतलबंद पेयजल खरीदने को विवश हैं।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अदिति गांधी ने बताया कि न्यू कॉलोनी में लेडी फातिमा स्कूल के प्राइमरी विंग के सामने वाली गली में लोगों के घरों में बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है। बाकी हिस्सों में मिट्टी युक्त पानी आ रहा है मगर इसमें बदबू नहीं है तो जब सतह पर मिट्टी जम जाती है तो प्रयोग में ले लेते हैं। मगर मकान संख्या 14 से 19 वाली गली में लोग पानी खरीदकर पीने को विवश है। बाहर से कहीं सीवेज की लाइन पानी की लाइन से मिलती हुई नहीं दिख रही है मगर घरों में बहुत गंदा पानी आ रहा है। लोगों की मजबूरी है, वे पीने के अलावा अन्य प्रयोग के लिए इसी पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों को बता चुके हैं मगर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।