मानेसर। औद्योगिक क्षेत्र मानेसर के बास कुशला में लोगों को सड़क की खराब हालत के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां पिछले कई दिन से सड़क पर नाले का गंदा पानी जमा है, जिससे सड़क जर्जर हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं लेकिन खराब सड़क के कारण आवाजाही मुश्किल हो गई है। खासकर दोपहिया चालकों और पैदल चलने वालों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। गंदा पानी जमा होने की वजह से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे का खतरा भी बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस ओर ध्यान देने और सड़क को ठीक कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। संवाद