गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों की ग्रांट खर्च करने वाली स्पर्श एप शिक्षकों के लिए परेशानी बन गई है। एप की दिक्कतों से नवंबर अंत तक करीब 90 फीसदी स्कूलों की ग्रांट खर्च नहीं हो सकी। इसके विरोध में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हरियाणा-421 ने प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। संघ के जिला प्रधान अशोक प्रजापति और जिला संरक्षक दुष्यंत ठाकरान ने बताया कि मजदूरों को भुगतान में दिक्कतें आ रही हैं। मरम्मत के बाद मस्टररोल व पैन कार्ड की शर्तें पूरी करना मुश्किल है। संघ पदाधिकारियों ने अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमिता रांगी से मिलकर समस्या बताई। दोनों अधिकारियों ने मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदेश अध्यक्ष तरुण सुहाग और कार्यकारी महासचिव विनोद ठाकरान ने कहा कि नए एप से शिक्षकों का गैर-शैक्षणिक काम बढ़ रहा है। इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस मौके पर सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे। संवाद