संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। क्षेत्र में मारपीट के मामले में दर्ज केस के पीड़ित ने मोहमदपुर अहीर थाना पुलिस पर आरोपियों से मिली भगत के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने इस मामले में जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित सहबाज निवासी तावडू ने पुलिस अधीक्षक नूंह को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने में लापरवाही बरत रही है तथा उन पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि दिनांक 28 दिसंबर को मोहम्मदपुर अहीर थाना पुलिस ने सुशील निवासी तावडू तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। लेकिन मामला दर्ज होने के बावजूद मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपी क्षेत्र में खुलेआम घूम रहा है और उस पर समझौता करने का दबाव बना रहा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इस मामले में तावड़ू डीएसपी का कहना है कि कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।