केन्द्रीय मंत्री ने वजीराबाद में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं आमजन को की समर्पित
32 लाख रुपये की लागत से गांव वजीराबाद में स्वागत द्वार तथा 3 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सामुदायिक केंद्र का किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। केन्द्रीय मंत्री व सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने रविवार को गांव वजीराबाद में 32 लाख रुपये की लागत से बनाए गए स्वागत द्वार और तीन करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए आधुनिक सामुदायिक केंद्र आमजन को समर्पित किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में आधारभूत सुविधाओं के विकास में कमी नहीं आने दी जाएगी। क्षेत्र की आवश्यकता तथा स्थानीय नागरिकों की मांग के आधार पर यहां चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 8 वर्षो में प्रदेश सरकार ने ऐसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं जिनसे आमजन को लाभ हुआ है। केंद्र सरकार व हरियाणा सरकार अंत्योदय उत्थान व सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से शिक्षा व स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रदेश के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है।
रविवार को जिन दो परियोजनाओं का केन्द्रीय मंत्री ने उद्घाटन किया इसमें गांव वजीराबाद में करीब 32 लाख रुपये की लागत से बनाया गया 24 फीट ऊंचा स्वागत द्वार व करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया आधुनिक सामुदायिक केंद्र शामिल है। ढाई एकड़ भूमि पर नवनिर्मित इस केंद्र में डबल हाइट पूर्ण वातानुकूलित मल्टीपर्पज हॉल है, जिसका क्षेत्रफल 5200 वर्ग फीट है। साथ ही सामुदायिक केंद्र में एक बड़ी किचन है, जिसका एरिया 2200 वर्ग फीट है। इसमें दो कमरे, स्टोर व 2 टॉयलेट ब्लॉक बनाए गए हैं।
इस मौके पर निवर्तमान मेयर मधु आजाद, पटौदी की पूर्व विधायक बिमला चौधरी, निवर्तमान निगम पार्षद कुलदीप बोहरा, नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त प्रदीप कुमार, कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग व सहायक अभियंता संजोग शर्मा सहित वार्ड के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।