अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। श्मशान घाट की दीवार गिरने से पांच लोगों की हुई मौत के मामले में उपायुक्त ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। एसडीएम गुरुग्राम के नेतृत्व में गठित तीन सदस्यीय कमेटी सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी।
उपायुक्त निशांत यादव ने इस घटना की जानकारी सरकार को भेज दी है। गठित होने वाली कमेटी में एसडीएम रविंद्र कुमार के साथ ही एसीपी वेस्ट शिवा अर्चन शर्मा एवं पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन चरणजीत राणा को शामिल किया गया है।
कमेटी के सदस्यों की ओर से मृतकों के परिजनों का बयान दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही इस दीवार को बनवाने के लिए दिए गए आवेदन पर समिति की ओर से कोई कार्रवाई न करने की भी जांच की जाएगी। उपायुक्त निशांत यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों के मुआवजे का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा जाएगा।