धनकोट, सुल्तानपुर के खेतों में जाकर की पड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने शुक्रवार को खरीफ फसलों की गिरदावरी की मौके पर जाकर पड़ताल की। इस दौरान गांव धनकोट और सुल्तानपुर के खेतों का दौरा किया।
जिला उपायुक्त ने राजस्व विभाग की ओर से तैयार किए गए गिरदावरी रिकार्ड की जांच की। खेतों में पहुंचकर फसल के साथ मिलान किया। गिरदावर व पटवारी की ओर से बनाई गई गिरदावरी की मौके पर पड़ताल की। उन्होंने किसानों द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड किया गए विवरण की भी पड़ताल की। पड़ताल के दौरान खड़ी फसल का मौका मुआयना भी किया। मौके पर हालात रिकॉर्ड से मेल खाते हुए मिले। उपायुक्त ने पटवारी और कानूनगो को निर्देश दिए कि फसल की गिरदावरी सही तरीके से की जाए।
जिला उपायुक्त ने बताया कि डाटा वेरिफिकेशन के जरिए मंडियों में अपनी फसल को लेकर आने वाले किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होती। किसान को उसकी फसल के मुताबिक सही कूपन जारी होते हैं। मौके पर जिला राजस्व अधिकारी मनबीर सिंह, नायब तहसीलदार कादीपुर आशीष मलिक सहित राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।