सरस्वती एनक्लेव में चार घंटे मिल रही बिजली, लोगों में उबाल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरस्वती एनक्लेव के लोगों ने बिजली की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। इलाके में शनिवार की बारिश के बाद बमुश्किल 4 घंटे लाइट रही। लोगों का कहना था कि 20 घंटे हम बगैर बिजली के रहे। त्रिवेणी चौक पर जुटे प्रदर्शनकारियों ने इलाके के जेई और लाइनमैन के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों में शामिल निवर्तमान पार्षद ब्रह्म यादव ने कहा कि हम लोग जब बिजली संकट झेल रहे होते हैं और जेई और लाइन मैन को फोन करते हैं तो वे फोन नहीं उठाते। ऊपर वाले अधिकारी बात सुन लेते हैं मगर जो लोग फील्ड में हैं, वे समस्या की गंभीरता समझने को तैयार नहीं है। सरस्वती एनक्लेव में वर्ल्ड बैंक द्वारा दिए गए 25 केवी के 500 से ज्यादा छोटे ट्रांसफार्मर लगे हैं मगर उनमें से अधिसंख्य काम नहीं करते। बिजली निगम उन्हें बदल नहीं रहा है। हर 5-6 घर पर एक छोटी टंकी यानी ट्रांसफार्मर हैं मगर बेकार है। ऑन लाइन शिकायत की कोई सुनवाई नहीं है। वे लिखकर भेज देते हैं कि समस्या का समाधान हो गया। सीएम विंडो का भी यही हाल है। सूचना दे दी जाती है कि समस्या हल हो गई मगर हल नहीं हुई होती है।
हम लोगों ने पहले उच्चाधिकारियों से मुलाकात की थी, उन्होंने 200 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने का वादा किया था मगर अभी तक वह नहीं लगा।