गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-चार स्थित गैलेरिया मार्केट में पर्यावरण प्रेमियों ने 20 साल से ज्यादा के 344 पेड़ों को काटे जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। वुमन इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की अगुआई में किए गए इस प्रदर्शन में यह मांग की गई है कि फुटपाथ बनाने के नाम पर पेड़ों को काटा जाना बंद किया जाए। मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से गोल्फ कोर्स तक और इसके समानांतर इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन से गोल्फ कोर्स रोड तक प्रशासन ने 344 बड़े पेड़ों को काटने काम शुरू किया है। फुटपाथ बनाने के लिए पेड़ काटे जा रहे हैं। इनमें से 150 से ज्यादा बड़े पेड़ कट चुके हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही संगठन की उपाध्यक्ष संगीता नैयर ने बताया कि एक पेड़ काटे जाने के एवज में 10 पेड़ लगाने का प्रावधान है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए। संजय लाल माथुर ने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि पेड़ नहीं काटे जाएं तो इसकी अनुमति ही क्यों दी गई। एक पेड़ की जगह 10 पेड़ लगाने के लिए सरकार के पास कहां जगह है। गुरुग्राम वैसे भी प्रदूषित शहर है। प्रदर्शन कारियों में ट्री मैन दीपक गौड़, विजय ग्यारे समेत कई एक्टिविस्ट भी शामिल हुए।