जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन ने की कार्रवाई, मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन ने सोमवार को पटौदी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों सहित छह स्थानों पर अवैध कब्जे ध्वस्त किए। अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी दी गई है कि अगर बिना अनुमति फिर से निर्माण शुरू किया तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
पटौदी के गांव नारहेरा और ऊंचा माजरा के संबंध में विभाग को सूचना मिली थी कि यहां पर कुछ स्थानों पर अवैध रूप से निर्माण कार्य हो रहा है। इसको गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जांच करवाई जिसमें सूचना सही पाई गई। विभाग ने कार्रवाई करते हुए पांच एकड़ में बनाई जा रही दो कॉलोनियों में किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इसमें 16 डीपीसी स्तर तक का निर्माण, पांच बाउंड्री वाल और सड़कों का नेटवर्क भी ध्वस्त कर दिया।
गांव नरहेरा में दो एकड़ में बनाई जा रही अवैध कॉलोनी में भी निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यहां पर पांच डीपीसी, तीन बाउंड्रीवाल, निशानदेही के लिए लगाए गए पत्थर, कॉलोनी में डाली गई सड़कें आदि को ध्वस्त कर दिया। गांव ऊंचा माजरा में निर्माणाधीन मकान, अवैध रूप से बनाई जा रही दुकान आदि को ध्वस्त कर दिया। यहीं पर एक एकड़ में एक अवैध कॉलोनी बनाई जा रही थी। विभाग ने तीन दुकानें, एक निर्माणाधीन मकान और वाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया गया।
पटौदी रोड विलासपुर के पास ऊंचा माजरा में दुकानें, निर्माणाधीन मकान और अन्य निर्माण को ध्वस्त कर दिया। ध्वस्त करने की कार्रवाई के दौरान जो लोग मौके पर इकट्ठा हुए उनसे डीटीपी प्रवर्तन ने कहा कि वह अपने कठिन परिश्रम से अर्जित किए गए धन का निवेश अवैध कॉलोनियों में नहीं करें। किसी भी भूखंड के विषय में जानकारी करने के लिए वह डीटीपी कार्यालय आ सकते हैं। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता ओपी मलिक मौजूद थे। इस दौरान जेई आनंद, प्रशांत आदि मौजूद थे।