गुरुग्राम। जिला बार एसोसिएशन की तरफ से अधिवक्ताओं की लंबे से लंबित मांग पर लगातार काम किया जा रहा है। अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अश्विनी कुमार मिश्रा से भी मिला। मुख्यमंत्री ने इस मामले में अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल से रिपोर्ट मांगी है। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज, सचिव प्रशांत ठाकरान और पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के सदस्य अजय चौधरी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गुरुग्राम में अधिवक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उनके बैठने और काम करने के लिए पर्याप्त चैंबर उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में चैंबर निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराना लंबे समय से प्रमुख मांग बनी हुई है। संवाद