मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास शिकोहपुर मोड़ पर फुटओवर ब्रिज एफओबी के काम में देरी के चलते ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीते कई महीनों से फुटओवर ब्रिज काम धीमी गति से चल रहा है। इस कारण लोगों को हाईवे पार करने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय बन रही है। हाईवे पर मुड़ाव के कारण वाहन दिखते नहीं है। ऐसे में यहां पर रात के समय हादसे का खतरा बना रहता है। शिकोहपुर गांव के निवासी रोहित व सतबीर ने बताया कि ब्रिज के काम में देरी के चलते उन्हें आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे पर लगातार चलते वाहनों के बीच रोड पार करना मुश्किल हो गया है। ठेकेदार जॉनी कुमार ने बताया कि निर्माण सामग्री की कमी के कारण व ट्रैफिक जाम की वजह से अभी ब्रिज को बनने में एक महीने का समय और लगेगा। अभी हमारे पास पर्याप्त मात्रा में निर्माण सामग्री नहीं है, वहीं ट्रैफिक के कारण भी समस्या बनी रहती है। संवाद