फिरोजपुर झिरका। रविवार को देवउठनी एकादशी के उपलक्ष्य पर श्रद्धालुओं ने तुलसी विवाह एवं शालिग्राम विवाह का धार्मिक आयोजन बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ किया। धार्मिक आयोजन के उपलक्ष्य पर श्रद्धालुओं ने गढ़अंदर स्थित प्राचीन श्री सीताराम मंदिर के प्रांगण में तुलसी जी को विराजमान कर मंदिर पुजारी दिनेशाचार्य शर्मा की अगुवाई में दोपहर 2:15 पर माता तुलसी का विवाह श्रीहरि विष्णु स्वरुप शालिग्राम के साथ किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता तुलसी का कन्यादान किया और माता तुलसी एवं शालिग्राम भगवान का पाणिग्रहण संस्कार कराया गया। वहीं श्रद्धालु ढोल - नगाड़े एवं डीजे पर संचालित भजनों पर नाचते- गाते नजर आए और इस भव्य धार्मिक आयोजन में सम्मिलित होकर माता तुलसी एवं शालिग्राम भगवान का आशीर्वाद ग्रहण किया। इस अवसर पर ममता अग्गी, मधु वशिष्ठ, कपिल सोनी, पवन अग्गी, मास्टर हरिकिशन, कन्नू प्रिया, रेणु गोयल, निशा शर्मा, पिस्ता सैनी, शिल्पी गर्ग सहित काफी संख्या में उपस्थित रहे।