बैंक लॉकर तोड़ रहे थे, सायरन बजते ही भागे
-बैंक मैनेजर का आरोप, सूचना के बाद देरी से पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नूरपुर में शनिवार देर रात एक बैंक को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने बैंक में लॉकर तोड़ने का प्रयास किया। जैसे ही लॉकर तोड़ना शुरू किया सायरन बज गया। सायरन बजते ही बैंक का सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आ गया जिससे चोरों को बैरंग लौटना पड़ा। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। आरोप है कि सूचना मिलने के बाद भी पुलिस काफी देर से पहुंची। फिलहाल जांच शुरू कर दी गई है।
गांव नूरपुर में फेडरल बैंक की शाखा है। शनिवार रात करीब 11 बजे चोर बैंक की पिछली तरफ से बाथरूम में लगे एग्जॉस्ट को तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। आरोप है कि वे बैंक लॉकर काटने की पूरी तैयारी के साथ आए थे। इसके लिए उन्होंने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए थे। जैसे ही उन्होंने लॉकर को छुआ, बैंक में लगा सायरन बज गया। सायरन बजने के 10 सेकेंड के भीतर ही चोरों ने सायरन की तार काट दी। सायरन सुनकर बैंक के बाहर बैठा सुरक्षाकर्मी हरकत में आ गया और बैंक मैनेजर को सूचना दी।
बैंक मैनेजर पंकज ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। आरोप है कि सूचना मिलने के बाद भी पुलिस ने मौके पर पहुंचने में देरी की। जिसके चलते आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।