फर्जी चेक से रुपये निकालते पूर्व एकाउंटेंट धरा
आरोपी को एक वर्ष पहले ही स्कूल से निकाल दिया गया था, न्यायिक हिरासत में जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेस-1 स्थित निजी स्कूल के पूर्व अकाउंटेंट पर चेक चोरी कर रुपये निकालने का आरोप लगा है। स्कूल प्रबंध की शिकायत पर डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, भिवानी निवासी पवन कुमार डीएलएफ फेज-1 स्थित पाइन क्रिस्ट स्कूल में मैनेजर है। स्कूल में करीब एक वर्ष पहले तक पालम दिल्ली निवासी शंतनु अकाउंटेंट के पद पर तैनात था। किन्हीं कारणों से उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था। आरोप है कि स्कूल से जाते वक्त शांतनु ने एक खाली चेक चोरी कर लिया। करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद 18 जुलाई को शांतनु ने चेक पर हस्ताक्षर कर 6 लाख रुपये निकालने के लिए बैंक में लगा दिया। हस्ताक्षर मिलान न होने पर बैंक मैनेजर ने इसकी सूचना स्कूल मैनेजर पवन कुमार को दी। स्कूल मैनेजर ने इस तरह का कोई चेक जारी न करने के बारे में बताया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। डीएलएफ फेस-1 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुक्रवार को मामला दर्ज कर आरोपी शांतनु को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।