गोरखपुर के लिए उपयोगी -
फोटो समाचार
नशे की लत पूरी करने को करता था ऑटो चोरी, धरा
- आरोपी की निशानदेही पर अपराध शाखा ने तीन ऑटो बरामद किया
- पहले भी ऑटो चोरी के मामले में गया था जेल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नशे की लत पूरी करने के लिए ऑटो चोरी करने वाले एक आरोपी को एंटी स्नेचिंग स्टाफ ने दबोचा है। उसे शुक्रवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपी 6 महीने पहले सजा काटकर जेल से बाहर आया था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के तीन ऑटो बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार को एंटी स्नेचिंग टीम प्रभारी उप निरीक्षक संदीप कुमार को सूचना मिली कि वाहन चोरी करने की फिराक में एक व्यक्ति डूंडाहेड़ा में घूम रहा है। इस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को काबू किया। आरोपी की पहचान गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के विजय नगर निवासी शिव कुमार उर्फ भूतनाथ के रूप में हुई। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया था। इस दौरान आरोपी की निशानदेही पर 3 ऑटो बरामद किए, यह ऑटो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
उप निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। करीब 6 महीने पहले अदालत ने जेल में रहने की अवधि को पर्याप्त मानते हुए उसे छोड़ दिया था। जेल से रिहा होने के बाद यह फिर से चोरी की वारदातों में संलिप्त हो गया। यह तीनों ऑटो चोरी करने के बाद आरोपी इन्हें बेचने की फिराक में था। शुक्रवार को आरोपी का रिमांड पूरा होने के बाद उसे अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया।