गुरुग्राम। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।
राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी इस्लाम ने कहा कि अज्ञात टाटा-407 ने स्कूटी को गांव बुढेड़ा के पास टक्कर मार दी जिसमें गुलाब व फतेह सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मदनपुरी निवासी हरीश चुटानी ने शिकायत में कहा कि एक डंपर ने बाइक को धनकोट टोल प्लाजा के पास टक्कर मार दी जिसमें उनके बेटे के साले रोहतक निवासी मोहित की मौत हो गई। मानेसर थाना पुलिस को दी शिकायत में अलवर राजस्थान निवासी शहाबुद्दीन ने कहा कि एक ट्रक चालक ने एनएच-8 पर बीच रास्ते में ट्रक खड़ा किया हुआ था, जिससे उसका ट्रक उसमें जा टकराया जिसमें नूंह निवासी नईम की मौत हो गई। बिलासपुर थाना पुलिस को करोली राजस्थान निवासी लोकेंद्र ने बताया कि सड़क किनारे खड़े ट्रक में दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी जिसमें दाता राम की मौके पर ही मौत हो गई। मुरादाबाद निवासी शौकत अली ने शिकायत में कहा कि बिलासपुर चौक के पास इकरार व एक अन्य को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिसमें इकरार की मौत हो गई।