खोखे में आग लगाने से जले शख्स की हालत नाजुक, एक गिरफ्तार
मानेसर। आईएमटी मानेसर क्षेत्र के गांव बांस चौक पर शनिवार को खोखे में आग लगाने से जले हुए शख्स की सफदरजंग अस्पताल में हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, सोमवार को आईएमटी मानेसर पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात को अज्ञात युवकों ने गांव बांस चौक पर बीड़ी-सिगरेट के खोखे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी थी। इससे खोखे के अंदर बैठा अधेड़ अब्दुल शाहपुर (58) आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। आईएमटी मानेसर थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र ने बताया कि इस मामले में यूपी के बुलंदशहर निवासी कन्हैया को गिरफ्तार कर आगे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।