पिस्तौल दिखाकर सिक्योरिटी गार्ड से लूटपाट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सिग्नेचर टावर चौक के पास निजी बैंक में तैनात सिक्योरिटी गार्ड से शनिवार देररात बाइक सवार हथियार बंद बदमाशों ने लूटपाट की और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना के बाद सेक्टर-40 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से कानपुर केे घाटमपुर गांव निवासी सुनील कुमार डीएलएफ फेज-2 स्थित एचएसबीसी बैंक में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात हैं। वह राजीव कॉलोनी में किराये पर रहते हैं। शनिवार रात को करीब 10.30 बजे वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद कैब से कमरे पर जा रहे थे। सिग्नेचर टावर चौक पहुंचने से पहले ही कैब की बुकिंग आ गई तो चालक ने उन्हें चौक पर ही उतार दिया। सिक्योरिटी गार्ड यहां उतरकर वाहन का इंतजार कर ही रहे थे कि इतने में बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे। बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड के पेट पर पिस्तौल लगाते हुए थप्पड़ मारे और 13 हजार नकदी समेत मोबाइल फोन और पर्स लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी, जिस पर सेक्टर-40 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित गार्ड के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
------