कार जब्त करने से बौखलाए ड्राइवर ने ट्रैफिक निरीक्षक को धुना
गुरुग्राम। शनिवार रात सेक्टर-29 मार्केट के पास ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत नाका लगाकर जांच कर रही ट्रैफिक पुलिस टीम को एक गाड़ी जब्त करना महंगा पड़ा। एक कार के ड्राइवर ने गाड़ी जब्त करने का विरोध करते हुए ट्रैफिक निरीक्षक सहित एक अन्य पुलिसकर्मी को पीट दिया। आरोपी को पकड़ लिया गया और सेक्टर-29 डीएलएफ थाना पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।
ट्रैफिक निरीक्षक देवेंद्र अपने स्टाफ के साथ सेक्टर-29 मार्केट के पास नाकेबंदी कर ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत चालान काट रहे थे। इस दौरान एक गाड़ी आई, जिसे जांच के लिए रुकवाया गया। उसमें ड्राइवर सहित दो लोग सवार थे। जांच में ड्राइवर के शराब पिए होने की पुष्टि हुई। टीम ने उसका चालान काटते हुए गाड़ी जब्त कर ली। इस पर बौखलाए ड्राइवर ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। जब पुलिसकर्मियों ने विरोध किया तो दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों युवकों ने ट्रैफिक निरीक्षक देवेंद्र सहित एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की। जिसमें पुलिसकर्मी को चोटें आईं। वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान दिल्ली के मियांवाली नगर निवासी मनीष व गुरुग्राम सेक्टर-43 के रॉयल ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी निवासी तेजवीर दहिया के रूप में हुई।