सोशल मीडिया पर किडनी की डिमांड ने उड़ाई पुलिस की नींद
गुरुग्राम। सोशल मीडिया के जरिए किडनी खरीद-फरोख्त का गोरखधंधा उजागर होने के बाद एक बार फिर गुरुग्राम पुलिस की नींद उड़ गई है। पिछले 6 महीने के दौरान सामने आया कि इस तरह का यह दूसरा मामला है। पहले मेदांता अस्पताल के एक डॉक्टर का नाम सामने आया था, जिसमें डॉक्टर ने सदर थाना पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया था। इस मामले की जांच अब तक पुलिस पूरी नहीं कर सकी थी कि अब मैक्स अस्पताल के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिये किडनी की खरीद फरोख्त करने का मामला सामने आया है। इस मामले में अस्पताल की ओर से दिल्ली पुलिस को शिकायत दी हुई है।
बता दें कि इंस्टाग्राम पर मैक्स हॉस्पिटल किडनी वर्ल्ड नामक अकाउंट से किडनी की मांग को लेकर सोमवार को एक पोस्ट शेयर किया गया था। किडनी देने वाले को 1.75 करोड़ रुपये का ऑफर पेश किया गया। इससे पहले भी इस अकाउंट से किडनी की मांग के लिए एक दर्जन से अधिक पोस्ट किए जा चुके हैं। सभी में 735*****54 व्हाट्सऐप नंबर जारी किया गया है। साथ ही अधिक जानकारी के लिए मैक्स अस्पताल की एक ई-मेल आईडी भी उपलब्ध करवाई गई है।
-----
मेदांता मामले की अभी चल रही जांच
मेदांता अस्पताल के डॉ. अब्दुल मुनीम की शिकायत पर 23 दिसंबर को सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। डॉ अब्दुल मुनीम के नाम पर भी सोशल मीडिया पर किडनी की खरीद फरोख्त का काम किया जा रहा था, जिसमें किडनी देने वाले को 4.5 लाख यूएस डॉलर देने की पेशकश की गई थी। सदर थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
-------