सवारी छोड़ने गए उबर चालक का अपहरण
गुरुग्राम। लक्ष्मण विहार से सेक्टर-49 में सवारी छोड़ने गए उबर कैब चालक का अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया। इस बाबत सेक्टर-50 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मूल रूप से जींद निवासी हरिओम ने शिकायत में कहा कि करीब 25 वर्षीय उसका बेटा हरजेंद्र उबर कैब चलाता है। गत 20 अक्तूबर को वह अपनी कैब लेकर ड्यूटी पर जा रहा था। उसने लक्ष्मण विहार से सेक्टर-49 के लिए कैब में सवारी बैठाई थी। इसके बाद से वह न तो घर पहुंचा है और न ही उसका कुछ पता लग रहा है। परिजनों ने हरजेंद्र के अपहरण का शक जताया है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उबर कंपनी को भी ईमेल कर कैब बुक करने वाली सवारी की जानकारी मांगी है। इसके साथ ही लोकेशन व फोन डिटेल भी खंगाली जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की संभावना है। ब्यूरो