गुरुग्राम। पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने शराब की बड़ी खेप बरामद कर शराब तस्कर को भी मौके से ही गिरफ्तार किया है। शराब की खेप पंजाब के लुधियाना से झांसी के लिए जा रही थी।
आरोपी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लेकर अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सेक्टर-93 पुलिस चौकी प्रभारी ललित कुमार को इसकी सूचना मिली थी। उनको मिली सूचना के मुताबिक शराब से भरा एक कैंटर पंजाब के लुधियाना से उत्तर प्रदेश के झांसी के लिए निकला है। ललित को बताया गया था कि कैंटर वजीरपुर चौक से होते हुए आगे जाएगा। इस पर पुलिस ने अपनी एक टीम बनाकर नाकेबंदी कर कैंटर को रुकने का इशारा किया। चारों तरफ से घिरे होने की वजह से चालक ने भागने का प्रयास नहीं किया।
------
728 पेटी अवैध शराब बरामद
पुलिस ने कैंटर की जांच की तो उसमें 728 पेटी अवैध शराब थी। इस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान कोलकाता के रहने वाले सुनील चक्रवर्ती के रूप में की गई है। आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि वह हरियाणा का ही रहने वाला है। उसकी पहचान की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कैंटर में शराब भरकर लुधियाना से झांसी के लिए जा रहा था। उसके साथियों ने पुलिस इत्यादि से निश्चिंत होकर जाने के लिए कहा था। बदले में उसे 40 हजार रुपये देने की बात हुई थी। वह पहले भी कई बार शराब की सप्लाई कर चुका है।