युवक के कपड़े उतारकर मुर्गा बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित जबरन शराब पिलाई गई। खून से लथपथ होने के बाद आरोपियों ने उसके दो मोबाइल और पर्स छीन लिए। युवक के साथ मारपीट करने के दौरान वीडियो भी बनाई गई। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बास निवासी सतीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह झाड़सा में रहता है और सेक्टर-47 निवासी अशोक के पास ड्राइविंग का काम करता है। उन्होंने बताया कि पिछले महीने उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद मालिक अशोक ने एक होटल में कमरा लेकर कॉलिंग के काम पर रख लिया था। रविवार को काम न होने की वजह से मालिक ने रूम पर आराम करने के लिए बोल दिया। उन्होंने बताया कि शाम को रूम पर सो रहा था। थोड़ी देर बाद होटल पर काम करने वाला जीतू उसे उठाकर होटल के एक निजी कमरे में ले गया।
गालियों का विरोध करने पर की मारपीट
होटल के कर्मचारी ने मालिक अशोक के पास फोन किया तो उन्होंने गाली देनी शुरू कर दी और थोड़ी देर बाद मौके पर आ गए। इसी बीच पीड़ित के दोस्त होटल पर आए तो उनको अलग कमरे में बैठा दिया गया। अशोक होटल पर आए तो गाली देनी शुरू कर दी और गाली का विरोध किया तो मारपीट करनी शुरू कर दी। इसी बीच होटल मालिक रवि, जीतू और अशोक ने उसके कपड़े उतार दिए और मुर्गा बनाकर बेल्ट-डंडे से मारपीट करने लगे। जिसकी वजह से नाक से खून निकलने लगा। उन्होंने बताया कि कपड़े खून से लथपथ होने के कारण उन्होंने अपने कपड़े दिए और जाते हुए मोबाइल फोन छीन लिए। शिकायत पर गुरुग्राम सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।