प्रवर्तन टीम ने 10 अनाधिकृत निर्माण तोड़े, सील भी किए
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम की प्रवर्तन टीम ने न्यू कॉलोनी में अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने 10 अनधिकृत निर्माण को बुलडोजर से तोड़ने के साथ ही सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।
निगमायुक्त डाॅ. नरहरि सिंह बांगड़ ने बताया कि सहायक अभियंता (प्रवर्तन) दीपक कुमार, कनिष्ठ अभियंता वरुण वशिष्ठ व सचिन कुमार की टीम न्यू कॉलोनी पहुंची। यहां पर कई निर्माणकर्ताओं ने नियमों का उल्लंघन करते हुए अनधिकृत निर्माण कर लिए थे। टीम ने मौके पर बुलडोजर की मदद से अनधिकृत निर्मित हिस्सों को तोड़ा तथा सील कर दिया। किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा। उन्होंने बताया कि चारों जोन की प्रवर्तन टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उनके आवंटित क्षेत्रों में अतिक्रमण, अनधिकृत निर्माण तथा निगम जमीनों पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए लगातार कार्रवाई करें। प्रवर्तन टीमें अपने-अपने जोन में लगातार कार्रवाई कर रही हैं।