संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। निगमायुक्त डाॅ. नरहरि सिंह बांगड़ के निर्देशानुसार शनिवार को इंफोर्समेंट की टीमों ने निगम क्षेत्र में कई स्थानों पर कार्रवाई की। अनधिकृत व अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के साथ ही अतिक्रमण भी हटाया गया। शनिवार को सहायक अभियंता कृष्ण कुमार, कनिष्ठ अभियंता अंकित कपूर व प्रदीप शर्मा की टीम जेसीबी व पुलिस बल लेकर जोन-4 क्षेत्र के भोंडसी और स्नेह विहार में पहुंची।
निगम टीम ने मौके पर ही चार निर्माणाधीन भवनों, 10 डीपीसी स्तर के निर्माणों को तोड़ा। पांच भवनों को सील करने की कार्रवाई भी टीम द्वारा की गई। किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जोन-2 में हटाया अतिक्रमण
निगम की इंफोर्समेंट टीम ने जोन-2 के सदर बाजार के मुख्य रास्ते सहित आसपास की गलियों और बस स्टैंड, अग्रसेन चौक आदि क्षेत्रों से अतिक्रमण को हटाया। टीम ने दुकानों के बाहर रखे गए सामान, रेहड़ी-पटरी व फड़ी वालों सहित अन्य प्रकार के सभी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की और अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी भी दी गई। इसके साथ ही मुख्य सड़कों, फुटपाथों आदि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जोन-1 और जोन-3 क्षेत्र की टीमों द्वारा भी की गई।