गुरुग्राम। ग्रैप के प्रतिबंधों को तोड़कर प्रदूषण फैलाने वालों की अब सीधे नगर निगम तक शिकायत पहुंचाई जा सकेगी। नगर निगम गुरुग्राम ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9821395354 जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर कॉल या व्हाट्सएप संदेश भेजकर नियमों के उल्लंघन की सूचना दे सकेंगे। शिकायत के साथ संबंधित स्थान का फोटो या वीडियो, लोकेशन और पूरा पता देना होगा। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए लागू ग्रैप के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने के लिए निगम ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए केवल नई हेल्पलाइन पर निर्भर नहीं रहना होगा। वे समीर एप, सोशल मीडिया, सीएचएस पोर्टल और नगर निगम के कॉल सेंटर नंबर 18001801817 के माध्यम से भी शिकायत कर सकते हैं। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासनिक कार्रवाई के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। ब्यूरो