लोगों को हो रही परेशानी, बूस्टिंग पंप की सफाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बजघेड़ा बूस्टिंग स्टेशन में गंदा पानी जमा होने के कारण लोग परेशान हैं। जहां से पूरे इलाके को पानी जाता है, उस बूस्टिंग पंप के आस-पास गंदा पानी एकत्र हो गया है। लोगों की शिकायत है कि बजघेड़ा गांव में जो पानी की आपूर्ति हो रही है, वह भी गंदा है। संभव है कि बूस्टिंग पंप में जमा पानी पाइप लाइन से घरों तक पहुंच रहा है।
साई कुंज के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राकेश राणा ने बताया कि इस इलाके में सीवेज की गंदगी सड़क पर बह रही है । बारिश के कारण सारा गंदा पानी बूस्टिंग पंप के लिए बने गड्ढे में जमा हो गया है। यही पानी पूरे इलाके में आपूर्ति हो रहा है। डायरिया, बुखार, पेटदर्द, उल्टी जैसी गंदे पानी के कारण होने वाली बीमारियों की शिकायतें इस मौसम में ज्यादा आती है। दूषित पानी का उपयोग कर लोग और बीमार हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से इसके शीघ्र समाधान की मांग की है।