घाटा मोड़, बंधवाड़ी और पाली चौक पर लोगों को सबसे ज्यादा होती है परेशानी
परियोजना की डीपीआर तैयार कराने के लिए सलाहकार जल्द होगा नियुक्त
मनोज धर द्विवेदी
गुरुग्राम। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर घाटा मोड़, बंधवाड़ी और पाली चौक (फरीदाबाद) पर अंडरपास / फ्लाईओवर बनाने की योजना को सिरे चढ़ाने में लोक निर्माण विभाग जुट गया है। इस परियोजना की डीपीआर तैयार कराने के लिए कंसलटेंट (सलाहकार) रखा जाना है। इसके लिए टेंडर जारी करने के लिए लोक निर्माण विभाग गुरुग्राम ने चंडीगढ़ मुख्यालय से मंजूरी मांगी है।
फरीदाबाद से गुरुग्राम में नौकरी के लिए रोजाना हजारों लोग आते हैं। ऐसे में सुबह-शाम गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। इससे करीब 50 हजार वाहन चालकों को रोज घंटों जाम में जूझना पड़ता है। फरीदाबाद रोड पर घाटा मोड़, बधवाड़ी रेडलाइट और पाली चौक पर सबसे ज्यादा जाम लगता है। ऐसे में प्रदेश सरकार गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड को जाम मुक्त बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए तीनों जगहों पर अंडरपास/फ्लाईओवर बनाने की योजना है।
पहले लोक निर्माण विभाग ने तीनों अंडरपास पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया था। अब यह लागत करीब 35 करोड़ होने का अनुमान है। लोक निर्माण विभाग इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनवाने के लिए कंसलटेंट रखने जा रहा है ताकि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए निर्माण कराया जा सके। योजना के अनुसार घाटा मोड़ पर अंडरपास और फ्लाईओवर दोनों बनाया जाता सकता।
इसके अलावा डीएलएफ गोल्फ कोर्स मोड पर भी व्हीकल अंडरपास का प्रावधान किया जा सकता है क्योंकि यहां पर भी यातायात रेडलाइट से वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। इसके अलावा सिकंदरपुर चौक के फरीदाबाद में गुरुग्राम मोड तक जरूरत के अनुसार अंडरपास / फ्लाईओवर का विकल्प भी देखा जा सकता है।
वाटिका चौक पर अंडरपास से राहत
फरीदाबाद रोड पर घाटा गांव से बादशाहपुर रोड पर वाटिका चौक तक आठ किलोमीटर को सिग्नल फ्री बनाने की पूरी तैयारी है। इसमें वाटिका चौक पर अंडरपास का काम पूरा हो चुका है। ऐसे में फरीदाबाद से खेड़कीदौला टोल यानि नेशनल हाईवे पर जाने वाले वाहन चालकों को राहत मिली है, लेकिन बीच में गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर तीन-चार जगहों पर फ्लाई ओवर नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है।
-
वर्जन
गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड पर प्रस्तावित फ्लाईओवर का डीपीआर तैयार कराया जाना है। मुख्यालय से कंसलटेंट के लिए टेंडर जारी करने की मंजूरी मांगी गई है। विभाग इसे लेकर गंभीर है और जल्द योजना को सिरे चढ़ाया जाएगा। -चरणदीप राणा, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर तीन जगहों पर सबसे ज्यादा जाम की समस्या रहती है। इन जगहों पर जल्द फ्लाईओवर बनाए जाने की जरूरत है। हजारों लोगों को रोज जाम से जूझना पड़ रहा है। - वीएमके सिंह, पूर्व महासचिव सनसिटी आरडब्ल्यूए
-
फरीदाबाद रोड पर तीन-चार जगहों पर ज्यादा जाम की समस्या रहती है। बंधवाड़ी टोल पर भी वाहनों की लंबी लाइन सुबह-शाम लगती है। इसके लिए भी कदम उठाने की जरूरत है। -नेहा जयसवाल, सेक्टर 57