तीन एकड़ में बन रही अवैध कॉलोनी में निर्माण ध्वस्त
राजेंद्र नगर में डीटीपी प्रवर्तन ने की कार्रवाई, बिना अनुमति निर्माण करने पर दी मुकदमे की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
गुुरुग्राम। थाना राजेंद्र पार्क क्षेत्र में तीन एकड़ क्षेत्र में बन रही अवैध कॉलोनी पर जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) प्रवर्तन ने वहां चल रहे निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिया। साथ ही अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों को चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में बिना अनुमति निर्माण कार्य शुरू किया तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
डीटीपी (प्रवर्तन) विभाग को सूचना मिली थी राजेंद्र पार्क क्षेत्र में तीन एकड़ में अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। जांच में सूचना सही पाई गई। इसके बाद विभाग की टीम ने नोटिस देकर कॉलोनी काटने वालों को दस्तावेज प्रस्तुत करके के लिए कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। सोमवार को विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और पांच डीपीसी स्तर तक के निर्माण, पांच निर्माणाधीन भवन, दो चहारदीवारी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान इकट्ठा हुए आसपास के लोगों को डीटीपी प्रवर्तन ने बताया कि वह अपने कठिन परिश्रम से अर्जित किए गए धन का निवेश अवैध कॉलोनियों में न करें। किसी भी योजना की वैधानिकता की जानकारी डीटीपी कार्यालय आकर की जा सकती है। इस अवसर पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) के एसडीओ आरके सोधी और जेई नवीन मौजूद थे।