मुख्यमंत्री को डाक सेवा से सब्जियों के साथ पत्र भेजा, दाम पूछे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। टमाटर सहित हरी मिर्च और अन्य सब्जियों के दाम आसमान छूने पर कांग्रेसियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को डाक सेवा से सब्जियों के साथ पत्र भेजकर उनका भाव पूछा है। साथ ही टमाटर सहित अन्य सब्जियां हाथों में लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पंकज डावर के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सदर बाजार स्थित सब्जी मंडी में इकट्ठा होकर बढ़ते टमाटर, अदरक और हरी मिर्च के दामों को लेकर विरोध जताया। कांग्रेस नेत्री सुनीता सहरावत, जय सिंह हुड्डा, पर्ल चौधरी पटौदी, एडवोकेट सिंह यादव, गुरिंद्रजीत सिंह, प्रदीप चौहान, मनोज आहूजा, दीपक राजपूत, रविंद्र कौशिक,हेमलता,रमेश कुमार ने सब्जियों को हाथों में लेकर प्रदर्शन किया।
पंकज डावर ने कहा कि यह सरकार महंगाई पर कोई लगाम नहीं लगाना चाहती। जब से भाजपा की सरकार केंद्र और राज्य में बनी है खाद्य पदार्थों की कीमतें कई गुना बढ़ चुकी हैं। इस सरकार में तो आम आदमी पहले से ही दाल रोटी नहीं खा पा रहा था किसी तरह जो गरीब तबके के लोग चटनी रोटी खाकर काम चलाते थे अब यह सरकार आम लोगों को चटनी रोटी भी खाने देना नहीं चाहती। लोगों की समस्याओं को देखते हुए आज उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को बढ़ती महंगाई पर पत्र के साथ टमाटर भेजकर जवाब मांगा है ।