गुरुग्राम। जिला शहरी कांग्रेस ने बुधवार को सेक्टर-9 स्थित ईएसआई अस्पताल के सामने जर्जर सड़क, जलभराव और ट्रैफिक जाम को लेकर सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर गड्ढों में कमल के फूल के कटआउट उल्टे रखकर विरोध-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस (शहरी) अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि मंगलवार को हुई बारिश के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में जलभराव की स्थिति देखी, लेकिन सुधार के लिए कोई ठोस घोषणा नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के सामने सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते। कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से सड़क की मरम्मत कराई जाए। इस मौके पर सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, हरकेश प्रधान, सुशील सहरावत, विकास हुड्डा, राजीव यादव, अमन प्रजापति, मनोज आहुजा, सतीश सांगवान, लोकेश कौशिक, सुनील चौहान, सुमन ग्रेवाल, नरेश शर्मा व कपिल गौतम समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। ब्यूरो