गुरुग्राम। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की मासिक बैठक ली। बैठक में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई। पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस को हर वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय करना पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती से ही जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है। बैठक में संगठन के विस्तार और पुनर्गठन को लेकर अहम चर्चा हुई। डावर ने निर्देश दिए कि वार्ड स्तर पर कमेटियों का गठन जल्द पूरा किया जाए। जहां पद खाली हैं, वहां सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के झूठे वादों से जनता परेशान है। हमें लोगों के बीच जाकर भरोसा दिलाना है कि कांग्रेस ही उनके हितों की रक्षा कर सकती है। बैठक में पंकज डावर ने कहा कि हर बूथ पर कम से कम 100 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा जाए। बैठक में पंकज डावर ने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन और एकजुटता के साथ काम करने की अपील की।