गुरुग्राम। हरियाणा एटक ने उद्योगों में लगने वाली आग की घटना पर चिंता जताते हुए श्रमिकों की सुरक्षा की मांग की है। संगठन के राज्य महासचिव कामरेड अनिल पवार ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में आग से बचने के सुरक्षा उपकरण नहीं होने के कारण मजदूरों को आए दिन जान गंवानी पड़ रही है। मंगलवार को बावल औद्योगिक क्षेत्र में जीएलएस स्पेशलिटी केमिकल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में लगी आग में सुरक्षा उपकरण नहीं होने के कारण कई श्रमिक झुलस गए। हरियाणा एटक ने मांग की है कि सरकार, श्रम विभाग इसकी गहनता से जांच करे और दोषी प्रबंधकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। साथ ही घायल श्रमिकों को 20-20 लाख व हादसे में मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की मांग की है। इससे पहले भी गुड़गांव, फरीदाबाद, मानेसर, बावल, पानीपत अन्य औद्योगिक क्षेत्र में आग लगने के अनेक हादसे हुए हैं। जब तक कंपनियों के सुरक्षा इंतजामों की जांच नहीं की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। संवाद