खाद विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण करते अधिकारी
फोटो- खाद विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण करते अधिकारी
नूंह। कृषि विभाग की टीम ने बुधवार को जिले में खाद विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तावड़ू के निजामपुर स्थित दिलशाद खाद बीज भंडार पर डीएपी खाद निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचने की शिकायत की जांच की गई। उप कृषि निदेशक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जांच में शिकायत निराधार पाई गई। उन्होंने बताया कि दुकान पर स्टॉक रजिस्टर और पीओएस मशीन का रिकॉर्ड सही मिला। मौके पर डीएपी खाद का एक बैग भी उपलब्ध था। उन्होंने सभी खाद विक्रेताओं को निर्देश दिए कि उर्वरकों की बिक्री सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर ही करें और स्टॉक का रिकॉर्ड नियमानुसार अपडेट रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के तहत कार्रवाई की जाएगी। डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि आईएफएफसीओ और आईपीएल कंपनियों की खाद की रैक पलवल में लगी है, जहां से नूंह जिले को भी आपूर्ति की जा रही है। उपलब्ध खाद का 60 प्रतिशत हिस्सा सरकारी पैक्स और 40 प्रतिशत निजी विक्रेताओं के माध्यम से वितरित किया जाएगा। उन्होंने किसानों से डीएपी के साथ नैनो डीएपी और एनपीके खाद के विकल्प अपनाने की अपील की। संवाद