मुख्य कार्यालय में जमा कराने के लिए दिए थे, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बजघेड़ा थाना क्षेत्र में कंपनी का सेल्स हेड 13 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। आरोपी को रुपये कंपनी के मुख्य कार्यालय में जमा कराने के लिए दिए गए थे। उसने यह रुपये कार्यालय में जमा नहीं कराए और न ही उसका कहीं पता चल रहा है। रुपये लेकर फरार होने के बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली के नवीन शाहदरा में रहने वाले मनीष भोला ने कहा कि वह गुरुग्राम के सेक्टर-109, न्यू पालम विहार स्थित न्यू स्क्वेयर प्रोजेक्ट में प्रोजेक्ट मैनेजर है। उसकी साइट पर सिग्नेचर टॉवर से कुछ राशि आई थी। उसने सेल्स हेड दिल्ली के जामिया नगर निवासी समीर उल हक को 13 लाख रुपये कंपनी के मुख्य कार्यालय में जमा कराने के लिए दिए थे। लेकिन पता चला कि समीर ने वह रुपये मुख्य कार्यालय में जमा ही नहीं कराए। समीर को काफी तलाश किया गया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। यही नहीं उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद किया हुआ है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।