संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को वर्षा जल संचयन करने के लिए योजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि मानेसर एक औद्योगिक क्षेत्र है। इसके साथ ही यहां की आबादी तेजी से बढ़ रही है। यह इलाका अरावली पहाड़ियों के पास स्थित है, जहां कई गांवों में पीने के पानी की कमी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि स्ट्राॅम वाटर को एकत्रित करके जल स्तर को बढ़ाने की दिशा में काम करें। गांवों के कलस्टर बनाकर वर्षा जल का संचयन करने के लिए जोहड़ों को इस तरह तैयार किया जाए ताकि जरूरत पड़ने पर वहां वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाकर पानी की सप्लाई की जा सके। ऐसा करने से आगामी वर्षों में मानेसर का जलस्तर बढ़ेगा और पानी की किल्लत का सामना भी आमजन को नहीं करना पड़ेगा। आयुक्त प्रदीप सिंह ने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून आने से पहले सभी सिविल काम समय पर पूरे कर लिए जाएं, ताकि बारिश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।