डीएलएफ फेज-1 में डीटीपी प्रवर्तन ने की कार्रवाई
क्षेत्र में सर्वे का काम जारी, 250 को दिया जाएगा नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) प्रवर्तन ने बृहस्पतिवार को डीएलएफ फेज-1 में आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने पर पांच भूखंडों में बने 19 भवनों को सील करने की कार्रवाई की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर सील से छेड़छाड़ की गई तो मुकदमा दर्ज कराया जा सकता है।
पिछले दिनों डीटीपी प्रवर्तन की ओर से सुशांत लोक, डीएलएफ आदि क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत भवन निर्माण के लिए सर्वे का काम कराया जा रहा है। पिछले दिनों डीटीपी प्रवर्तन की ओर से 100 से अधिक ऐसे भवन स्वामियों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए गए थे। अभी कराए जा रहे सर्वे में 250 से अधिक ऐसे भवन स्वामी भी चिह्नित किए गए हैं, इनको भी नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है। इस तरह के मामलों की शिकायत सीएम विंडो पर भी हुई है। बृहस्पतिवार को विभाग की टीम डीएलएफ फेज-1 में पहुंची। यहां पर कुछ भवनों में बुटीक, ब्यूटी सैलून, ऑफिस, शोरूम आदि संचालित हो रहे थे। डीटीपी प्रवर्तन की टीम ने ऐसे 19 भवनों को सील कर दिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) के अभियंता बलराज मौजूद थे। डीटीपी प्रवर्तन मनीष यादव ने बताया कि अभियान अभी जारी रहेगा। ऐेसे भवन स्वामियों को चिह्नित करने का काम लगातार चल रहा है। इस मौके पर एटीपी दिनेश सिंह, जेई आकाश आदि मौजूद थे। सीलिंग के वक्त पुलिस बल भी मौजूद रहा।