अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सीएम फ्लाइंग की टीम ने घरेलू गैस सिलिंडर से गैस निकालकर कालाबाजारी करने को का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मंगलवार को शीतला कॉलोनी ए ब्लॉक मेन गली अशोक विहार स्थित गैस एजेंसी के प्लांट पर छापेमारी की। तीन ऑटो से 86 गैस सिलिंडर भरे मिले। इन गैस सिलिंडर में एक किलो से आठ किलो तक गैस कम पाई गई। सेक्टर-5 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीएम फ्लाइंग की छापेमारी के दौरान प्लॉट में माता शीतला गैस एजेंसी के तीन टैंपो पाए गए। आरोपी द्वारा इन सिलिंडरों में से एक बांसुरी नुमा यंत्र से गैस निकाली जा रही थी। मौके पर उस टेंपो में कुल 36 इंडियन मार्का के सिलिंडर पाए गए। जिनमें 33 भरे हुए व तीन सिलिंडर खाली मिले। टेंपो के सप्लायर ने अपना नाम होशियार सिंह बताया।
दूसरे टेंपो में 23 सिलिंडर इंडियन मार्का के भरे हुए पाए गए। सप्लायर ने अपना नाम मुकेश कुमार बताया। तीसरे टेंपो में घरेलू सिलेंडर गैस के 23 सिलेंडर मार्का भारत गैस व दो कमर्शियल सिलिंडर मार्का भारत गैस के मिले। संचालक ने की पहचान भीमगढ़ खेड़ी निवासी इसराज अली के रूप में हुई। वहीं एजेंसी में अंदर खड़े हुए तीनों टेंपो को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने में से कुल गैस सिलिंडर 82 बरामद हुए।
सीएम फ्लाइंग ने अवैध बोरवैल किया सील
सीएम फ्लाइंग की टीम द्वारा बिजली विभाग व नगर निगम गुरुग्राम के साथ संयुक्त टीम गठित करके गांव धनकोट गुरुग्राम में स्थित अवैध आरओ प्लांट व अवैध बोरवेल पर छापेमारी की गई। सीएम फ्लाइंग गुरुग्राम को सूचना मिली कि गांव धनकोट में अवैध आरओ प्लांट व बोरवेल चल रहे हैं। मंगलवार को सीएम फ्लाइंग, बिजली निगम व नगर निगम गुरुग्राम की संयुक्त टीम की छापेमारी के दौरान सूचना सही पाई गई। अवैध बोरवेल मालिक कमल सिंह निवासी गांव धनवापुर गुरुग्राम के तीन अवैध बोरवेल को निगम ने सील कर दिया। आरओ प्लांट व अवैध बोरवेल मालिक कृष्ण कुमार बसई का था।