केंद्र का संचालक गिरफ्तार, मरीजों से प्रतिमाह 60 से 70 हजार रुपये वसूले जा रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-40 में अवैध रूप से चलाए जा रहे नशा मुक्ति केंद्र पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने छापा मारा। अवेकनिंग पुनर्वास फाउंडेशन के नाम से चलाए जा रहे इस केंद्र में शराब, गांजा, स्मैक आदि के मरीजों का इलाज किया जाता था। केंद्र के संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
छापे के दौरान नशा मुक्ति केंद्र पर 12 मरीज दाखिल थे, जिनका इलाज चल रहा था। उपचार के लिए मरीजों से प्रतिमाह 60 से 70 हजार रुपये वसूले जा रहे थे। उपचार करा रहे मरीजों ने टीम को बताया कि उनके साथ यहां पर मारपीट की जाती थी और कोई विशेष सुविधा नहीं मिलती थी। नशा मुक्ति केंद्र के संचालक ने बताया कि यह केंद्र वर्ष 2021 से चलाया जा रहा है। सीएम फ्लाइंग की टीम ने संचालक को केंद्र के वैध दस्तावेज पेश करने को कहा तो वह पेश करने में नाकाम रहा।
टीम ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है कि केंद्र में भर्ती मरीजों का उपचार किन डॉक्टरों से कराया जा रहा था। दाखिल मरीजों से संबंधित फाइलों को भी उड़नदस्ते की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है।