5 करोड़ की लागत से पुलिस को मिली बाइक और 2 एलिवेट गाड़ियां
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुरुग्राम के लेजर वैली पार्क में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा पुलिस के लिए 312 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में 310 मोटरसाइकिलें और 2 होंडा एलिवेट गाड़ियां शामिल हैं, जिन्हें होंडा इंडिया फाउंडेशन ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से उपलब्ध कराया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रदेश में जन सुरक्षा को और मजबूत बनाने के साथ-साथ आपात स्थिति में लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। गुरुग्राम को 60 मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट गाड़ी, फरीदाबाद को 40 मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट गाड़ी उपलब्ध करवाई गई है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के अन्य जिलों को 210 मोटरसाइकिलें दी गई हैं। इन वाहनों को विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता कम से कम समय में उपलब्ध हो सके।पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि नई ईआरवी शामिल होने से हरियाणा पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये वाहन किसी भी सूचना पर तेजी से घटनास्थल तक पहुंचने में सक्षम होंगे, जिससे लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना और अधिक आसान होगा।