फिलहाल एक लेन पर निकल रहे हैं वाहन, एनएचएआई से हरी झंडी मिलने के बाद जल्द किया जाएगा चालू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर खेड़कीदौला टोल से पहले एसपीआर और द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला क्लाेवरलीफ पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया है। अभी फरीदाबाद से जयपुर की ओर जाने वाले मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के लिए एक लेन खोल दी गई है। एनएचएआई से हरी झंडी मिलने के बाद इसे जल्द ही चालू किया जाएगा।
चर्चा इस बात की है कि इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री के हाथों कराये जाने पर काम किया जा रहा है। इसके कारण चालू होने में देरी हो रही है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मिलने वाले समय के बाद इसे पूरी तरह से चालू किया जाएगा। जयपुर की ओर से आने जाने वालों की राह आसान करने के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनाया गया क्लोवरलीफ पूरी तरह से बन कर तैयार है। इसे अभी आम जनता के लिए नहीं खोला गया है। कुछ वाहन अपनी सुविधा के लिए एक लेने से इसमें प्रवेश करते हैं।
गुरुग्राम का हिस्सा बनकर हुआ तैयार, दिल्ली की सीमा में काम है अधूरा
दिल्ली से जोड़ने के लिए बनाए गए द्वारका एक्सप्रेसवे पर गुरुग्राम की सीमा की सड़क की दूरी लगभग 19 किमी है। जो बनकर तैयार हो गई। जनता उसका अपने तरीके से इस्तेमाल भी कर रही है। दिल्ली की सीमा में आने वाली सड़क पर काम चल रहा है। जल्द ही वह पूरा होगा। उसके पूरा होने के बाद ही जयपुर से आने-जाने वाले वाहनों को इसका लाभ मिलेगा।
नए साल से जनता को सौगात देने की योजना
वाहनों के दबाव को देखते हुए एसपीआर को जोड़ने के लिए बनाए गए क्लोवरलीफ के चालू होने का इंतजार है। अभी केवल फरीदाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को जयपुर की ओर जाने के लिए उतरने के लिए एक लेन चालू की गई है। नए साल तक काम पूरा होने पर इसे पूरी तरह से चालू करने की उम्मीद है। इसके चालू होने से जिन वाहनों को जयपुर की ओर से आकर द्वारका एक्सप्रेसवे और एसपीआर से जाना है। उनको होंडा चौक के पास से बसई चौक के बीच के जाम से जूझना पड़ता है।
इसके चालू होने से इनको मिलेगा लाभ
: दिल्ली या फरीदाबाद से आने वालों को झज्जर और रोहतक जाने में होगी आसानी।
: जयपुर की ओर से आने वालों को होंडा चौक, राजीव चौक होकर सिरहौल बॉर्डर के जाम से नहीं जूझना होगा।
: सिरहौल बॉर्डर पर वाहनों का दबाव कम होगा।
: मास्टर प्लान के नए सेक्टर के लोगों को पुराने शहर के जाम से नहीं जूझना होगा।
वर्जन
लोगों की सुविधा के लिए जितना मार्ग तैयार है। उतना चालू कराने के लिए एनएचएआई के साथ बैठक की जाएगी। जनता को किसी तरह की असुविधा न हो इसका ध्यान रखा जाएगा। - निशांत यादव , उपायुक्त, गुरुग्राम।