तावडू। शहर थाना पुलिस ने मंगलवार को बलिदानी पुलिसकर्मियों के सम्मान में स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान का आयोजन किया। यह कार्यक्रम स्मृति दिवस एवं झंडा दिवस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसके अलावा डीएसपी हेडक्वार्टर हरिंदर कुमार ने भी तावडू शहर थाना का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की शुरुआत में थाना प्रभारी सहित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बलिदानी पुलिसकर्मियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी वीरता को नमन किया। इस अवसर पर सभी ने शपथ ली कि वे अपने कर्तव्यों का पालन निष्ठा, ईमानदारी और देशभक्ति के साथ करते हुए बलिदानियों के आदर्शों पर चलेंगे। अभियान के तहत थाना परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। कचरा हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाया गया तथा पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया। संवाद