संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक ओर जहां नगर निगम युद्धस्तर पर गंदगी की सफाई के लिए अभियान चला रहा है, वहीं कुछ जगहों पर गंदगी टीले का रूप ले रही है। एक जगह सफाई हो रही है, तो चार जगहों से लोग शिकायत दर्ज करा रहे हैं। सेक्टर 52 में आरडी सिटी सोसाइटी के बाहर तीन जगहों पर बड़ी मात्रा में गंदगी जमा हो रही है। निवासियों की शिकायत पर सोमवार को निगम की सफाई टीम ने दो जगहों से कचरा हटाया मगर शाम तक तीसरे प्वाइंट को साफ नहीं कर पाए।
सेक्टर 52 स्थित आरडी सिटी की आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि चैताली मढ़ोत्रा ने बताया कि आरडी सिटी के गेट नंबर चार, बी वन ब्लॉक और इंदिरा कॉलाेनी से आरडी सिटी की ओर से आने वाले गेट के पास तीन जगह अनधिकृत कूड़ा केंद्र बना दिए गए हैं। नगर निगम से अनुरोध के बाद अगर कूड़ा हटता है तो अगले दिन फिर से डंप हो जाता है। यह स्थिति सफाई कर्मियों की हड़ताल के बाद बनी है। शिकायत करने पर इस संबंध में नगर निगम के स्चच्छ भारत अभियान के संयुक्त आयुक्त डाॅ. नरेश कुमार ने फोन करके पूछा कि कौन डाल जाता है यहां कूड़ा। अब किसी व्यक्ति के घर का कूड़ा तो इतनी मात्रा हो नहीं सकता। निगम द्वारा अधिकृत कंपनियों की गाड़ियां ही यहां कूड़ा डंप करती हैं।
राजेश पायलट मार्ग पर बन रहा है नया बंधवाड़ी
सेक्टर 56 में रिजवुड अपार्टमेंट के पास अरावली के साथ- साथ पूरा राजेश पायलट मार्ग डंपिंग का केंद्र बना गया है। यहां मलबे और मिले जुले कूड़े की डंपिंग इतनी ज्यादा हुई है कि बंधवाड़ी की तरह पहाड़ का रूप लेता जाता रहा है। सनसिटी की आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि मोना ने बताया कि पिछले चार महीने से वे लगातार यहां से मलबा हटवाने के लिए संघर्ष कर रही है। मलबा और गंदगी हटने के बजाए और ज्यादा बढ़ती जा रही है। बहुत ही खराब स्थिति है। सेक्टर 55 और 56 की हालत बहुत ज्यादा खराब है। मै उनके गाड़ियों के नंबर दे सकती हूं जो यहां आकर मलबा और कचरा डंप कर रहे हैं। नगर निगम से अनुराेध किया है कि वे जल्द इस जगह से गंदगी हटवाएं । वर्ना दूसरा बंधवाड़ी शहर के भीतर ही तैयार है।
नाथूपुर में पूरी सड़क पर नरक जैसे हालात
डीएलएफ फेज -3 से सटे नाथूपुर में अंबेडरकर भवन के पास पूरी सड़क सीवेज की गंदगी से डूबी है। सड़क के मेनहोल खुले हैं और लबालब गंदा पानी भरा है। आए दिन वाहन यहां फिसलकर दुर्घटना ग्रस्त हो रहे हैं। अरुण बंसल ने बताया कि यह मिलेनियम सिटी कहलाती है। सुशील लोहिया ने बताया कि कई बार शिकायत कर चुका हू। इस सड़क पर बच्चों को एक स्कूल भी है। नरक वाले हालात है। बच्चे गंदगी के बीच होकर स्कूल आ रहे हैं। इससे ज्यादा गंदी स्थिति नहीं हो सकती है।